दुर्ग ब्रेकिंग: जिला अस्पताल से लौटते वक्त हुआ हादसा, नेहा पटनायक की मौत…..
दुर्ग, 7 नवंबर 2025 गुरुवार शाम को भिलाई फर्स्ट बटालियन के पास एक तेज रफ्तार ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में 22 वर्षीय नेहा पटनायक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी मां उषा पटनायक गंभीर रूप से घायल हो गईं।
पुलिस के अनुसार, मृतक युवती अपनी मां को लेकर जिला अस्पताल से लौट रही थी। रास्ते में फर्स्ट बटालियन के पास ई-रिक्शा अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में नेहा की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं मां को गंभीर चोटें आईं जिन्हें तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया।
सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने बताया कि ई-रिक्शा चालक अत्यधिक रफ्तार में वाहन चला रहा था और स्पीड काबू में नहीं रख पाया। हादसे के तुरंत बाद राहगीरों ने घायल मां-बेटी को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने नेहा को मृत घोषित कर दिया।
स्थानीय लोगों ने यह भी बताया कि इस मार्ग पर ई-रिक्शा चालकों द्वारा तेज रफ्तार में वाहन चलाने की घटनाएं आम हैं। पैसेंजर जल्दी बैठाने की होड़ में चालक अकसर नियमों की अनदेखी करते हैं, जिससे हादसे की संभावना बनी रहती है।
