CG BREAKING: छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने किया विधानसभा भवन का लोकार्पण
छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रायपुर पहुंचे हुए हैं। यहां उन्होंने श्रीसत्यसाईं अस्पताल में हार्ट के मरीजों से बातचीत की। प्रधानमंत्री ने छत्तीसगढ़ के नए विधानसभा भवन का उद्घाटन और लोकार्पण किया। इसके बाद उन्होंने देश के पहले डिजिटल आदिवासी संग्रहालय शहीद वीर नारायण सिंह स्मारक सह संग्रहालय का उद्घाटन किया। साथ ही पीएम मोदी ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी शहीद वीरनारायण सिंह की मूर्ति का अनावरण किया।

आधुनिक और डिजिटल संग्रहालय छत्तीसगढ़ के आदिवासी स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और बलिदान की अमर गाथा को समर्पित है। यहां 14 गैलरियों के माध्यम से राज्य के जननायकों की गाथाएं जीवंत हो उठती हैं। संग्रहालय में करीब 650 मूर्तियां स्थापित की गई हैं, जो आदिवासी विद्रोहों और आंदोलनों के ऐतिहासिक क्षणों को दर्शाती हैं।
यहां हल्बा विद्रोह, परलकोट विद्रोह, झंडा सत्याग्रह और जंगल सत्याग्रह जैसे आंदोलनों को सजीव झांकियों और मूर्तियों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है। प्रत्येक गैलरी में मल्टीमीडिया, वीएफएक्स और प्रोजेक्शन तकनीक का उपयोग कर उस दौर के संघर्षों को संवेदनशील ढंग से दिखाया गया है। इसके अलावा, सेनानियों द्वारा उपयोग किए गए पारंपरिक अस्त्र-शस्त्र भी प्रदर्शनी का हिस्सा हैं, जो दर्शकों को इतिहास से जोड़ते हैं।

लगभग 45 करोड़ रुपये की लागत से 10 एकड़ क्षेत्र में विकसित यह संग्रहालय देश में अपनी तरह का पहला केंद्र माना जा रहा है, जहां ब्रिटिश शासनकाल के दौरान हुए जनजातीय विद्रोहों का विस्तृत दस्तावेजीकरण किया गया है।
संग्रहालय में छत्तीसगढ़ की जनजातीय संस्कृति, इतिहास और अंग्रेजों के खिलाफ हुए विद्रोहों को क्रमबद्ध तरीके से प्रस्तुत करने 16 गैलरियां बनाई गई हैं।
पहली गैलरी जनजातीय जीवन शैली और परंपराओं का परिचय कराती है। इसके बाद अंग्रेजी शासन और सामंती व्यवस्था द्वारा जनजातियों पर किए गए अत्याचारों को दिखाया गया है। आगे की गैलरियों में हल्बा विद्रोह, सरगुजा विद्रोह, भोपालपट्टनम, परलकोट, तारापुर, लिंगागिरी और कोया विद्रोह की झांकियां प्रस्तुत की गई हैं।

