CG BREAKING: मनीष पारख सहित कई कारोबारियों के ठिकानों पर छापा — DMF घोटाले में जांच तेज
छत्तीसगढ़, दिनांक //2025 जिला खनिज न्यास निधि (DMF) घोटाले के गंभीर आरोपों को लेकर आज आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) एवं एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की संयुक्त टीम ने छत्तीसगढ़ के कई जिलों में एक साथ बड़ी कार्रवाई की है। इस समन्वित अभियान के तहत रायपुर, दुर्ग और राजनांदगांव जिले में कुल 12 ठिकानों पर छापामारी जारी है।
यह कार्रवाई सुबह तड़के शुरू की गई और अभी भी जांच दल मौके पर मौजूद है। टीमों द्वारा घोटाले से जुड़े आर्थिक लेन-देन, DMF फंड की आवंटन प्रक्रिया, टेंडर और खर्चों से जुड़े संदिग्ध दस्तावेज़, डिजिटल डेटा और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्यों को एकत्रित किया जा रहा है।
दुर्ग जिला
दुर्ग के महावीर कॉलोनी स्थित मनीष पारख (संचालक: डायग्नोस्टिक सेंटर, भिलाई) के घर और प्रतिष्ठान में दबिश दी गई है। टीम द्वारा संदिग्ध दस्तावेज़ों की जांच की जा रही है।
राजनांदगांव जिला
यहाँ राधा कृष्ण अग्रवाल, ललित भंसाली, यश नाहटा एवं रोमिल नाहटा के चार ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की गई है। टीम उनके द्वारा किए गए लेन-देन व DMF से जुड़ी फाइलों की जांच कर रही है।
रायपुर जिला
रायपुर में भी कई कारोबारी एवं ठेकेदारों के पते पर दबिश दी गई है, हालांकि नामों का आधिकारिक खुलासा जांच में बाधा से बचने के लिए अभी तक नहीं किया गया है।
EOW और ACB के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि DMF राशि के दुरुपयोग के प्रारंभिक साक्ष्य मिलने के बाद यह संयुक्त कार्रवाई की जा रही है। टीम ने बताया कि किसी भी संलिप्त व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और भ्रष्टाचार के हर स्तर पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जांच की पूरी प्रक्रिया अभी जारी है। प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर आगे कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
