छत्तीसगढ़ में मौसम का मिज़ाज बदलेगा दक्षिणी जिलों में भारी से अतिभारी वर्षा का अलर्ट जारी
रायपुर, 27 अक्टूबर 2025 दक्षिण-पूर्व और दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर सक्रिय मौसमीय तंत्र के प्रभाव से प्रदेश में बारिश की गतिविधियाँ तेज़ होने जा रही हैं। मौसम विज्ञान केन्द्र रायपुर के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवाती तंत्र अगले कुछ दिनों में एक गंभीर चक्रवाती तूफान में परिवर्तित हो सकता है। इसके प्रभाव से 27 अक्टूबर से छत्तीसगढ़ के विभिन्न हिस्सों में वर्षा की तीव्रता में उल्लेखनीय वृद्धि होने की संभावना है।
मौसम विभाग द्वारा जारी जानकारी के मुताबिक, 25 अक्टूबर की सुबह सक्रिय डिप्रेशन 26 अक्टूबर तक गहरे डिप्रेशन में और 27 अक्टूबर तक साइक्लोनिक तूफान का रूप ले सकता है। आगे बढ़ते हुए यह सिस्टम 28 अक्टूबर तक गंभीर चक्रवाती तूफान में बदलकर काकीनाडा के पास मछलीपट्टनम और कलिंगपट्टनम के बीच आंध्र प्रदेश तट को पार कर सकता है। इस दौरान हवा की गति 90 से 110 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुँचने का अनुमान है।
दक्षिण छत्तीसगढ़ में भारी बारिश की चेतावनी
27 अक्टूबर से 30 अक्टूबर तक प्रदेश के दक्षिणी जिलों दंतेवाड़ा, बीजापुर, सुकमा, बस्तर, नारायणपुर, कांकेर आदि में मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम वर्षा का क्रम जारी रहेगा।
• 28 अक्टूबर: एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा
• 29 अक्टूबर: कई स्थानों पर भारी से अतिभारी वर्षा की संभावना
मौसम विभाग ने नागरिकों और विशेषकर संवेदनशील व पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। वहीं, किसानों तथा यात्रियों को मौसम की जानकारी नियमित रूप से प्राप्त करते हुए आवश्यक सावधानियाँ बरतने की सलाह दी गई है।

