CG BREAKING: राष्ट्रपति पदक से सम्मानित IPS रतन लाल डांगी पर गंभीर आरोप…..सब इंस्पेक्टर की पत्नी ने लगाए गंभीर आरोप
रायपुर छत्तीसगढ़ पुलिस महकमे में एक वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी पर लगे गंभीर आरोपों को लेकर विभाग में हड़कंप की स्थिति है। एक महिला द्वारा चंद्रखुरी पुलिस अकादमी में पदस्थ आईपीएस अधिकारी रतन लाल डांगी पर यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए गए हैं।
महिला, जो एक सब इंस्पेक्टर की पत्नी है, ने पुलिस मुख्यालय पहुंचकर डीजीपी को लिखित शिकायत दी है। इस शिकायत के बाद पुलिस मुख्यालय ने मामले की जांच का जिम्मा 2011 बैच के आईपीएस अधिकारी एवं पुलिस महानिरीक्षक श्री आनंद छाबड़ा को सौंपा है।
इस विषय पर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने स्पष्ट कहा है कि “आईपीएस हो या आईएएस, यदि किसी पर आरोप लगता है तो जांच अवश्य होगी और यदि आरोप सत्य पाए जाते हैं तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।”
वहीं, आईपीएस अधिकारी रतन लाल डांगी ने भी इस मामले पर अपनी सफाई पेश की है। उन्होंने डीजीपी को पत्र लिखकर कहा है कि शिकायतकर्ता महिला उन्हें आत्महत्या की धमकी देकर ब्लैकमेल कर रही थी। अधिकारी ने दावा किया कि महिला ने उन्हें मानसिक रूप से परेशान किया, यहां तक कि वह जहर की शीशी लेकर उनके कार्यालय पहुंची और कई बार खुदकुशी की धमकी दी।
आईपीएस अधिकारी ने बताया कि महिला द्वारा लगातार वीडियो कॉल पर नज़र रखने, ब्लेड से हाथ काटने की तस्वीरें भेजने जैसी घटनाएं हुईं। इन धमकियों से डरकर उन्होंने कई बार उसकी मांगें मानीं। डांगी ने कहा कि इस कारण उनका परिवार भी मानसिक तनाव से गुजर रहा है।
आईपीएस रतन लाल डांगी, 2003 बैच के छत्तीसगढ़ कैडर के अधिकारी हैं और दो बार राष्ट्रपति पदक से सम्मानित हो चुके हैं। उन्होंने सरगुजा, दुर्ग, बिलासपुर और रायपुर में पुलिस महानिरीक्षक के रूप में सेवाएं दी हैं।
फिलहाल, पूरे मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है, और जांच पूरी होने के बाद ही सच्चाई स्पष्ट हो सकेगी।

