दुर्ग में ट्रेन हादसा….ट्रैक पार करते समय मोबाइल सुनना पड़ा भारी, युवक की दर्दनाक मौत

जिला दुर्ग
दिनांक : 16 अक्टूबर 2025

रेलवे ट्रैक पार करते समय युवक की ट्रेन की चपेट में आने से दर्दनाक मौत

दुर्ग — गुरुवार सुबह लगभग 7:45 बजे जिले में एक दर्दनाक हादसे में युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। यह घटना ठगड़ा बांध रेलवे क्रॉसिंग के पास हुई है।

मृतक की पहचान विष्णु यादव (22 वर्ष), निवासी जोगी नगर (विद्युत नगर के पास) के रूप में की गई है। वह रोज़ की तरह मजदूरी पर जाने के लिए टिफिन लेकर घर से निकला था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक रेलवे ट्रैक पार करते समय मोबाइल पर गाना सुन रहा था और उसके कानों में इयरफोन लगे थे। इसी कारण उसे ट्रेन के आने का आभास नहीं हुआ और वह अंतागढ़ से रायपुर जा रही ट्रेन की चपेट में आ गया।

 

तेज रफ्तार ट्रेन से जोरदार टक्कर
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक लगभग 50 मीटर तक घसीटता चला गया। हादसे के बाद शव के कई हिस्से रेलवे ट्रैक पर बिखर गए थे। घटनास्थल पर युवक का टिफिन और मोबाइल चार्जर-केबल भी पड़ा मिला।

 

पुलिस और रेलवे प्रशासन की त्वरित कार्रवाई
हादसे की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम, रेलवे प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची। शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।

सावधानी बरतने की अपील
रेलवे प्रशासन ने नागरिकों से रेलवे ट्रैक पार करते समय मोबाइल या इयरफोन का उपयोग न करने की अपील की है, ताकि ऐसे हादसों को रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!