CRICKET: एशिया कप 2025 फाइनल में भारत की जीत , नकवी से ट्रॉफी लेने से किया इनकार

एशिया कप 2025 का फाइनल जीतने के बावजूद भारतीय टीम को ट्रॉफी नहीं मिल पाई, क्योंकि कप्तान सूर्यकुमार यादव और उनकी टीम ने एशियाई क्रिकेट परिषद (ACC) के अध्यक्ष और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड प्रमुख मोहसिन नकवी से ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया। नकवी पाकिस्तान के गृह मंत्री भी हैं और भारत विरोधी बयानों के लिए जाने जाते हैं। भारत ने इसकी घोषणा काफी पहले ही कर दी थी, लेकिन इसके बावजूद नकवी ट्रॉफी वितरण समारोह के दौरान स्टेज से नहीं हटे। अब बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने कहा कि भारतीय टीम का यह कदम पूरी तरह सही था और बोर्ड इस मामले को लेकर नवंबर में होने वाली आईसीसी की बैठक में बहुत मजबूत विरोध दर्ज कराएगा।

‘भारत उस व्यक्ति से ट्रॉफी नहीं ले सकता…’

सैकिया ने कहा, ‘जहां तक ट्रॉफी का सवाल है, भारत उस व्यक्ति से ट्रॉफी नहीं ले सकता जो हमारे देश के खिलाफ युद्ध छेड़े बैठा है। हमने ट्रॉफी नहीं ली, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि कोई इसे और मेडल्स को अपने होटल ले जाए। यह बचकाना व्यवहार है और हम इसका विरोध करेंगे।’

भारत ने चार से 28 सितम्बर तक चले इस टूर्नामेंट में लगातार सात जीत दर्ज कीं। फाइनल में तिलक वर्मा के नाबाद 69 रनों की मदद से भारत ने पाकिस्तान को पांच विकेट से हराया। सैकिया और सूर्यकुमार दोनों का मानना है कि यह जीत देशवासियों के लिए गर्व का विषय है और खिलाड़ियों की मेहनत का नतीजा है।

सूर्यकुमार ने मजाकिया अंदाज में कहा कि टीम ने जमकर जश्न मनाया। उन्होंने कहा, ‘आपने ट्रॉफी की फोटो नहीं देखी? मैंने ट्रॉफी ला दी थी। अभिषेक और शुभमन ने पहले ही तस्वीर पोस्ट कर दी है। देखिए कितनी खूबसूरत लग रही है।’ उन्होंने हंसते हुए कहा, ‘रिंकू ने चौका मारा, हम जीत गए, सबने जश्न मनाया और खिलाड़ियों की उपलब्धियां सेलिब्रेट कीं। यही चेन ऑफ इवेंट थी जो हम चाहते थे।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!