CG BREAKING: नारायणपुर में नक्सलियों और पुलिस के बीच मुदभेड़, महिला नक्सली का शव बरामद

छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित नारायणपुर जिले से बड़ी खबर सामने आई है। जिले के घने जंगलों में शनिवार सुबह से ही सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई है, जो अब तक जारी है। इस मुठभेड़ में कई नक्सलियों के मारे जाने और घायल होने की आशंका है। वहीं, सुरक्षाबलों की टीम ने मौके से एक महिला नक्सली का शव बरामद किया है।

सुबह से चल रही मुठभेड़

मिली जानकारी के अनुसार, सुरक्षा बलों की टीम को गश्त के दौरान नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी। इसके बाद विशेष सर्चिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान नक्सलियों ने जवानों पर अचानक गोलीबारी शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में सुरक्षाबलों ने मोर्चा संभाला और दोनों ओर से भारी फायरिंग शुरू हो गई। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, मुठभेड़ जिस इलाके में हो रही है, वह घने जंगल और पहाड़ी क्षेत्र है। इस कारण से नक्सलियों को छिपने का मौका मिल रहा है और सुरक्षाबलों को भी चुनौती का सामना करना पड़ रहा है।

महिला नक्सली का शव बरामद

अभी तक की कार्रवाई में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। घटनास्थल से एक महिला नक्सली का शव बरामद किया गया है। फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो पाई है, लेकिन आशंका जताई जा रही है कि वह इलाके की सक्रिय दस्ता सदस्य थी। सुरक्षा बलों का कहना है कि और भी नक्सलियों के घायल या मारे जाने की संभावना है, लेकिन जंगल की आड़ और लगातार फायरिंग की वजह से मौके पर स्थिति स्पष्ट नहीं हो पा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!