CG BREAKING: हिस्ट्रीशीटर रोहित तोमर एवं गिरोह के विरुद्ध एक और FIR दर्ज…कर्ज के नाम पर की जा रही जबरन वसूली
पुलिस थाना पुरानी बस्ती, जिला रायपुर
दिनांक: 12 जुलाई 2025 हिस्ट्रीशीटर रोहित तोमर एवं गिरोह के विरुद्ध एक और एफआईआर दर्ज
कर्ज के नाम पर की जा रही जबरन वसूली की शिकायत पर पुलिस ने गंभीर धाराओं में दर्ज की कार्यवाही
राजधानी रायपुर के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र में कर्ज देकर जबरन वसूली करने वाले हिस्ट्रीशीटर रोहित तोमर और उसके साथियों के खिलाफ एक और मामला दर्ज किया गया है।
व्यापारी भोपाल मणि साहू, निवासी रायपुर, द्वारा दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, उन्होंने अपने व्यवसाय हेतु 14 दिसंबर 2022 को आरोपी रोहित तोमर से 2 लाख रुपये उधार लिए थे। आरोप है कि इस दौरान आरोपियों ने साहू से कोरे स्टांप पर जबरन हस्ताक्षर करवाए और उन्हें अपने कब्जे में रख लिया।
बाद में रोहित तोमर, दिव्यांश, आकाश, योगेश सिन्हा और अन्य साथियों द्वारा साहू से व्हाट्सएप कॉल, व्यक्तिगत धमकी और मानसिक प्रताड़ना के माध्यम से लगातार जबरन वसूली की गई। साथ ही कई बार उनके घर आकर डराया गया और भाटागांव स्थित आरोपी के घर पर भी बुलाकर धमकाया गया।
डर के चलते व्यापारी ने नगद, फोन पे और गूगल पे के माध्यम से कुल ₹30,26,200 की राशि आरोपियों को दे दी। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए धारा 384, 506, 34 भादवि एवं छत्तीसगढ़ ऋणियों का संरक्षण अधिनियम 1937 की धारा 4 के तहत एफआईआर दर्ज की है।
गौरतलब है कि आरोपी गिरोह पूर्व में दो अलग-अलग थानों में कुल सात मामलों में नामजद है। आरोपी दिव्यांश सिंह पूर्व के एक मामले में गिरफ्तार होकर केंद्रीय जेल रायपुर भेजा जा चुका है, जबकि अन्य आरोपी फरार हैं।
पुलिस ने आरोपियों की पतासाजी शुरू कर दी है एवं विशेष टीमों का गठन कर तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि गिरोह के खिलाफ पूर्व में दर्ज सभी मामलों को जोड़कर समग्र कार्रवाई की जाएगी।

