महाकुंभ 2025: प्रयागराज मे महा कुंभ का श्रीगणेश, हजारों श्रद्धालु लगाएंगे श्रद्धा की डुबकी

प्रयागराज/ प्रयागराज में (13 जनवरी) आज से महाकुंभ 2025 का आगाज हो चुका है। सुबह सवेरे शाही स्नान के साथ इसकी शुरुआत हुई। गंगा, यमुना और कल्पित सरस्वती के संगम पर आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। गूगल ने कुंभ मेला पर एक खास फीचर पेश किया है। महाकुंभ टाइप करते ही स्क्रीन पर गुलाब के पंखुरियों की बारिश होने लगती है

12 साल के अंतराल पर होने वाले महाकुंभ में देश विदेश से दुनिया के करोड़ों श्रद्धालु शामिल होंगे। इस बार उत्तर प्रदेश सरकार ने इसे भव्य बनाने के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। श्रद्धालुओं पर हेलिकॉप्टर से गुलाब की पंखुड़ियों बारिश की जाएगी। पर्यटकों के लिए सस्ती हेलिकॉप्टर राइड की व्यवस्था है। सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयाेजल होगा। साथ ही मेले की सुरक्षा के पुख्ता व्यवस्था किए गए हैं।

महाकुंभ के पहले शाही स्नान में सबसे पहले जूना अखाड़ा ने डुबकी लगाई। परंपरा के अनुसार, शाही स्नान में शुरुआत साधु-संतों और अखाड़ों के स्नान से होती है। जूना अखाड़ा के नागा साधु, भव्य शोभायात्रा के साथ संगम तट पर पहुंचे। उनके बाद दूसरे प्रमुख अखाड़ों ने क्रमवार स्नान किया। पूरे आयोजन में अनुशासन और उत्साह का माहौल देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने अखाड़ों के इस पवित्र स्नान को देखकर अपनी श्रद्धा प्रकट की।

पवित्र अवसर आज पूर्णिमा के शुभ अवसर पर पहला शाही स्नान हो रहा है। हिंदू पंचांग के मुताबिक, यह तिथि 13 जनवरी सुबह 5:03 बजे शुरू होकर 14 जनवरी रात 3:56 बजे तक रहेगी। इसके बाद पांच और शाही स्नान होंगे। मकर संक्रांति, मौनी अमावस्या, बसंत पंचमी, माघ पूर्णिमा और महाशिवरात्रि जैसे पवित्र अवसरों पर श्रद्धालु स्नान करेंगे। हर स्नान पर्व पर श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने की उम्मीद है। इन आयोजनों का महत्व धार्मिक और सांस्कृतिक दोनों दृष्टिकोण से है।

महाकुंभ 2025 में दुनिया भर से 40 करोड़ से ज्यादा श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। पहले शाही स्नान से पहले संगम के तट पर लाखों श्रद्धालु जुट चुके हैं। गंगा, यमुना और सरस्वती के संगम पर डुबकी लगाकर श्रद्धालु अपने पापों से मुक्ति की कामना कर रहे हैं। सोमवार सुबह से ही संगम क्षेत्र में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। इस विशाल आयोजन की सफलता के लिए सुरक्षा के सख्त इंतजाम किए गए हैं। पुलिस बल, सीसीटीवी कैमरे और ड्रोन की मदद से मेले की निगरानी की जा रही है।

40 दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में देशभर के प्रसिद्ध कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। 16 जनवरी को शंकर महादेवन गंगा पंडाल में प्रस्तुति देंगे। वहीं, समापन के अवसर पर 24 फरवरी को मोहित चौहान दर्शकों को अपनी गायकी से मंत्रमुग्ध करेंगे। यूपी दिवस के अवसर पर विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित होंगे। इसके साथ ही दूसे सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!